कोरोना ने फिर डराया
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर सभी को डरा रही है| कल ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक भी की| प्रधानमंत्री ने राज्यों से तेजी से बढ़ते कोरोना के संक्रमण को जल्द थामने की अपील की| कोरोना वायरस के चलते अहमदाबाद में गुरुवार से जिम, स्पोर्ट्स क्लब, गेमिंग जोन बंद रहेंगे|
कई शहरों में लगा कर्फ्यू
कल से ही इंदौर और भोपाल में रात्रि कर्फ्यू लगा है| मध्यप्रदेश के आठ शहरों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बाजार बंद रहेंगे| इसी के साथ उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के बाद अब नोएडा में भी 30 अप्रैल तक धारा 144 लागू रहेगी| देश में 102 दिन बाद बुधवार को कोरोना के सबसे अधिक 35,886 केस सामने आए| सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र रहा जहां पूरे देश में करीब 64 फीसदी मामले आए|
महाराष्ट्र में बुधवार को एक दिन में रिकॉर्ड 23,179 मरीज मिले जो कि पिछले छह महीने में सबसे अधिक है| पुणे में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,745 नए केस मिले और 15 मरीजों की मौत हुई है| कोरोना के मामले सबसे ज्यादा महाराष्ट्र से ही सामने आ रहे हैं| महाराष्ट्र में मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को 30 फीसदी तक कुल मामलों में इजाफा हुआ| इसके बाद अब यहां कोरोना मामलों की कुल संख्या बढ़कर 23,70,507 हो गई है|
नागपुर में बुधवार को अकेले 2,698 केस सामने आए जबकि पंजाब में 2,039, गुजरात में 1,122, केरल में 2,098 और कर्नाटक में 1,275 मरीज मिले| नागपुर में पहली बार एक दिन में मुंबई से भी ज्यादा संक्रमण देखने को मिला|
छह जनवरी के बाद पहली बार राजधानी में एक दिन में 536 कोरोना मरीज मिले हैं| 1 जनवरी से लेकर अब तक चार बार 500-500 से अधिक मामले मिल चुके हैं| एक जनवरी को 585, छह जनवरी को 654 और नौ जनवरी को 519 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं|
Add Comment